लखनऊ मे निर्भया काड़ का खुलासा
529 views · Published 20 July 2014 · 8:33 · Indexed 26 October 2026
Channel: APN NEWS · 2014 · People & Blogs
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज के प्राइमरी स्कूल में महिला के साथ हुए सामूहिक बलात्कार के बाद निर्मम हत्या का मामला वर्कआऊट होता दिख रहा है। पुलिस ने दावा किया है कि इस दरिंदगी को अंजाम देने वाला उसी अस्पताल का गार्ड था जिसमें पीडि़ता काम करती थी। पुलिस ने इस बात का भी दावा किया है कि गिरफ्तार गार्ड ने घटना को कबूल कर लिया है कि उसने ही उस महिला के साथ रेप किया है और बाद में उसकी हत्या कर दी। हालांकि उसने गैंगरेप से इंकार कर दिया। उसने बताया कि उसने अकेले मे ही उसकी इंसानियत को तार-तार कर देने वाली हरकत को अंजाम दिया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वारदात के दिन उसने महिला को फोन करके बलसिंहखेड़ा बुलाया था और बाद में स्कूल में ले जाकर उससे रेप के बाद उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने बताया कि रामसेवक बलसिंहखेड़ा का ही रहने वाला है। हालांकि पुलिस अभी पूरे मामले की जांच कर रही है और वारदात के पीछे की वजह का जानने की कोशिश कर रही है। महिला की कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस ने शनिवार को गार्ड को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की। सूत्रों के मुताबिक गार्ड की युवती से अच्छी जान-पहचान थी। इसके अलावा पुलिस में इस मामले में बाराबंकी के अजीम , लखनऊ के महेश और पीजीआई थानाक्षेत्र निवासी प्रॉपर्टी डीलर अमित को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की। प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गैंगरेप और हत्या की शिकार हुई महिला के बच्चों को 10 लाख रूपये की सहायता का ऎलान किया है।